BRICS Summit 2026 के पहले दिन शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शुरुआती संबोधन के दौरान कुछ देर के लिए भाषण रोक दिया। इस दौरान उनकी नजर चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग पर गई, जो उस वक्त कुछ असहज नजर आ रहे थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने शी चिनफिंग की ओर मुड़कर उनके साथ मौजूद अनुवादक से पूछा, “क्या सब ठीक है?” कुछ देर बाद उन्होंने दोबारा यही सवाल किया। हालांकि, शी चिनफिंग के असहज दिखने की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी। यह भी संभव है कि मामला माइक्रोफोन या प्रधानमंत्री मोदी के भाषण के अनुवाद से जुड़ा हो।
चीन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं
इस घटनाक्रम पर चीन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। दूरदर्शन की ओर से साझा किए गए भाषण के वीडियो फुटेज में यह घटना करीब 4:30 से 5 मिनट के बीच दिखाई देती है।
BRICS Summit में शामिल होने के लिए शी चिनफिंग करीब सात साल बाद भारत पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। दोनों नेताओं ने भारत-चीन संबंधों के भविष्य और आपसी सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
मोदी-शी के बीच 40 मिनट चली बैठक
BRICS Summit के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी चिनफिंग के बीच करीब 40 मिनट तक द्विपक्षीय बैठक हुई। बैठक में दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि भारत और चीन को अपने संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक दृष्टिकोण से देखना चाहिए।
दोनों नेताओं ने यह सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया कि दोनों देशों के बीच मौजूद मतभेद आगे चलकर विवाद का रूप न लें।

