कानपुर में एक मौत के बाद अब उन्नाव में भी दो लोगों की स्वाइन फ्लू की वजह से मौत हो गई। लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक दिन के अंतराल में स्वाइन फ्लू पाजिटिव गंजमुरादाबाद ब्लाक क्षेत्र गांव अटवा बैक के निवासी देवर भाभी की मौत हो गई। दोनों की जांच लखनऊ की एक ही लैब से कराई गई है।
दिवंगत महिला के बेटे ने जांच रिपोर्ट के साथ सीएमओ उन्नाव को मेल पर इसकी सूचना दी है। जिसके बाद रविवार को गंजमुरादाबाद सीएचसी से पहुंची चिकित्सक की टीम ने दिवंगत स्वाइन फ्लू रोगियों के परिवार के सदस्यों व उनके संपर्क में आने वालों का स्वास्थ्य परीक्षण कर 15 का सैंपल लिया।जुकाम बुखार के जो रोगी मिले उन्हें दवा दी। हालांकि संक्रामक रोग नियंत्रण विभाग के नोडल अधिकारी एसीएमओ ने कहा कि अभी लखनऊ के निजी अस्पताल या लैब से कोई अधिकृत सूचना नहीं मिली है। जांच रिपोर्ट के साथ मेल पर आई सूचना को संज्ञान में लेकर डाक्टर की टीम भेजी है। परिवार के 15 लोगों का सैंपल लिया गया है जिसे आरटीपीसीआर जांच के लिए केजीएमयू भेजा गया है।गंजमुरादाबाद ब्लाक के गांव अटवा बैक निवासी स्वाइन फ्लू से दिवंगत महिला के बेटे ने मेल पर दी गई सूचना में बताया है कि उसके 50 वर्षीय चाचा को बुखार आने के बाद सांस लेने में परेशानी होने पर 30 अगस्त को लखनऊ के अम्रपाली अस्पताल में भर्ती कराया। जहां स्वाइन फ्लू की जांच कराई गई 2 सितंबर को दिन में जांच रिपोर्ट आई जिसमें स्वाइन फ्लू पाजिटिव होने की पुष्टि हुई।
2 सितंबर को ही रात में उनकी मौत हो गई। 30 को ही 56 वर्षीय मां को भी बुखार और सांस लेने में परेशानी होने लगी इस पर उन्हें भी वहीं अम्रपाली अस्पताल लखनऊ में भर्ती करा दिया था। उनकी 2 सितंबर को जांच कराई गई जिसमें उनके भी एचवन-एनवन (स्वाइन फ्लू) पाजिटिव होने की रिपोर्ट आयी।
3 सितंबर को उनकी मौत हो गई। चाचा और मां की स्वाइन फ्लू से मौत होने से परिवार के सदस्य संक्रमण की दहशत में है। संक्रामक रोग नियंत्रण विभाग के नोडल अधिकारी एसीएमओ डा. जयराम सिंह ने बताया कि मेल पर दिवंगत महिला के बेटे ने सूचना दी है।
लखनऊ के अस्पताल या जांच करने वाली लैब ने इसकी कोई अधिकृत सूचना नहीं दी है। पोर्टल पर भी सूचना दर्ज नहीं है। मेल मिलने पर गंजमुरादाबाद के सीएचसी प्रभारी डा. मंजेश के साथ एलटी, व फार्मासिस्ट को भेजा था। परिवार के 15 सदस्यों का सैंपल लिया गया है। आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल केजीएमयू लखनऊ भेऐ जा रहे हैं।
एक और महिला स्वाइन फ्लू पाजिटिव मिली, संख्या आठ पहुंची
एक और महिला स्वाइन फ्लू संक्रमित मिली है। स्वजन ने बुखार व सांस लेने में परेशानी शुगर की बीमारी से पीड़ित 53 वर्षीय महिला को कानपुर लीलामणि हास्पिटल में भर्ती कराया था। जहां जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद उसे एलएलआर रेफर कर दिया गया। एलएलआर के स्वाइन फ्लू वार्ड में उसका उपचार चल रहा है । इसके साथ ही जिले में स्वाइन फ्लू के रोगियों की संख्या बढ़कर आठ पहुंच गई है। वहीं इस वर्ष स्वाइन फ्लू से दो मौतें भी हो चुकी हैं।

